लोनी. ट्रानिका सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोमवार रात ट्रानिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में प्रतिष्ठित कंपनी के नकली पाइप बनाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस गोरखधंधे से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत दिल्ली निवासी पीएन झा सोमवार शाम करीब चार बजे थाने पहुंचे।
उन्होंने ट्रानिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित बी-दो सेक्टर 5/6 के 98 में कंपनी के नकली पाइप बनाए जाने की शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से करीब 20 क्िवटल आशिर्वाद, एस्ट्रल, सुप्रीम आदि कंपनी का पाइप बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर मौजूद अनुज निवासी शामली को गिरफ्तार कर लिया। उसने प्रतिष्ठित कंपनी का नकली माल बनाना स्वीकार किया। पुलिस ने मौके से आशीर्वाद कंपनी के छह, एस्ट्रल के 11 बंडल, विभिन्न प्रकार के एलबो, जोड़, पाइप बनाने की मशीन, प्रतिष्ठित कंपनी की डाई बरामद की हैं।
लोकल में सप्लाई : पुलिस के मुताबिक, आरोपित अनुज मजदूरों से नकली पाइप बनवाता था। जिसे जिला गाजियाबाद के लोनी और बागपत के खेकड़ा आदि क्षेत्र की दुकानों पर बेचता था। वह कार चलाने का काम करता था। करीब डेढ़ माह पूर्व ही उसने फैक्ट्री किराए पर लेकर काम शुरू किया था। वह बाजार भाव से कुछ सस्ता रखता था। लालच के चलते दुकान संचालक उससे माल मंगवा लेते थे। ट्रानिका सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविद पाठक ने बताया कि इससे माल लेने वाले कुछ दुकान संचालकों को चिह्नित किया गया है।
मतदान