शामली। समाजवादी पार्टी को शामली में बड़ा झटका लगा है। यहां वीर सिंह मलिक ने चुनावी तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर चौंका दिया है। बता दें कि वह 20 वर्ष से सपा के साथ जुड़े थे। उन्होंने आज राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया। दिल्ली में चौधरी जयंत सिंह ने उन्हें पार्टी ज्वाइन कराई।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य भिक्का माजरा के रहने वाले वीर सिंह मलिक ने शुक्रवार को दिल्ली में रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें रालोद सुप्रीमो चौधरी जयंत सिंह ने रालोद की सदस्यता ग्रहण कराई। वीर सिंह मलिक वर्ष 2005 से सपा में थे। इसके अलावा वह 2005 से लेकर 2015 तक जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। 2016 में वह शामली गन्ना परिषद के चेयरमैन भी चुने गए थे। 2019 में वीर सिंह मलिक को सपा ने शामली विधानसभा का प्रभारी बनाया था।
वीर सिंह के रालोद की सदस्यता ग्रहण करने पर सपा को कड़ा झटका लगा है। वीर सिंह मलिक चौधरी जयंत सिंह से शामली के विधायक प्रसन्न चौधरी के साथ मिले। वीर सिंह मलिक का कहना है कि सपा में कोई भी जाट नेता नहीं है, सभी रालोद में हैं, इसलिए मैंने भी रालोद की सदस्यता ग्रहण की है। रालोद-भाजपा को जिताने के लिए कार्य किया जाएगा।