शामली। जनपद शामली में पुलिस लाईन में तैनात दरोगा की मौत होने से उनके गांव बूढ़नपुर में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में राजकीय सम्मान के साथ उनके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे।

जनपद बिजनौर में स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव बूढ़नपुर के रहने वाले 50 वर्षीय भूप सिंह पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में जिला शामली में कार्यरत थे। उप निरीक्षक भूप सिंह काफी समय से बीमार चल रहे थे।

आज जब गांव बुढ़नपुर में भूप सिंह के परिजनों को सूचना मिली कि भूप सिंह की मौत हो गई है तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक 2 या 3 महीने पहले ही भूप सिंह का उप निरीक्षक के रूप में प्रमोशन हुआ था। आज शाम मृतक भूप सिंह का पार्थिव शरीर उनके गांव बूढ़नपुर लाया गया। जहां राजकीय सम्मान के साथ मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान स्योहारा थानाध्यक्ष राजीव चौधरी और पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मृतक भूप सिंह अपने पीछे अपने तीन लड़के नवनीत राय, अभिलाष राय, सुगम राय और पत्नी गंगा देवी को रोता बिलखता छोड़ गए। मृतक के दो बड़े बेटों की शादी हो चुकी है। जबकि तीसरा बेटा अभी पढ़ रहा है। उप निरीक्षक भूप सिंह के पिता पूरन सिंह मज़दूरी का कार्य करते हैं। पूरन सिंह के भूप सिंह सहित चार बेटे थे। जिसमें एक बेटे की मौत पहले ही हो गई। अब भूप सिंह की मौत हो जाने के बाद दो भाई रह गए हैं।