शामली। लोकसभा चुनाव से पहले जिले में विकास कार्य शुरू करने की होड़ मच गई है। गंदेवड़ा संगम पर नया पुल, कैराना-कांधला खतौली मार्ग समेत 100 से ज्यादा सड़कों के चौड़ीकरण, सड़कों के निर्माण, मरम्मत कार्य शुरू हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अफसरों के मुताबिक, बरसात से पहले सड़कों के नवीनीकरण, मरम्मत कार्य पूरे हो जाएंगे। गंदेवड़ा संगम पुल का कार्य इस साल के आखिर तक पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्यों में गन्ना विभाग की 45 सड़कें भी शामिल हैं।
नवीन मुख्यालय भैंसवाल में पूर्वी यमुना नहर का नया पुल पिछले साल 2023 में स्वीकृत हुआ था। गत 31 मार्च 2023 से टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने पर नए पुल की धनराशि शासन को वापस चली गई थी। भैंसवाल नहर के नए पुल निर्माण के लिए इस साल टेंडर प्रक्रिया पूरी करके निर्माण शुरू हो गया है। पुल निर्माण के लिए पिलर खड़े करने के लिए कुएं का बोरिंग हो चुका है। पुल निर्माण का कार्य प्रगति से चल रहा है। छह माह पूर्व कैराना-कांधला और खतौली मार्ग को चौड़ा करने के लिए शासन से धनराशि स्वीकृत हुई थी। शासन से धनराशि स्वीकृत न होने से निर्माण कार्य अधूरा चल रहा था।
शासन से धनराशि अवमुक्त होने के बाद कैराना-कांधला, खतौली हाईवे का दस मीटर का चौड़ाई करने का कार्य शुरू हो गया है। निर्माण एजेंसी ने सात मीटर हाईवे को दस मीटर तक चौड़ा करने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। इसी प्रकार सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिले की सीमा पर गंदेवड़ा संगम का पुराना पुल जर्जर होने के कारण नए पुल की मांग की जा रही थी। दीपावली से पहले शासन ने जलालाबाद-गंगोह मार्ग पर गंदेवड़ा संगम में नए पुल की स्वीकृति दी थी। लोक निर्माण विभाग ने नए पुल का टेंडर छोड़कर अनुबंध की प्रकिया पूरी कर ली है।
बरेली की निर्माण एजेंसी ने नए पुल का कार्य शुरू करने के लिए निर्माण सामग्री मंगाकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सनत गुप्त ऋषि ने बताया कि गन्ना विभाग से हस्तांतरित होकर आई जिले की 45 सड़काें की स्वीकृति मिली थी। सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। लोकसभा चुनाव से पहले निर्माण कार्य शुरू हो जाने की संभावना है। कैराना-कांधला खतौली मार्ग पर कार्य तीन दिन में शुरू हो जाएगा।
भैंसवाल बाईपास का कार्य पूरा हुए साढ़े चार साल पूरे हो चुके हैं। अंडरपास का निर्माण शुरू कर दिया गया है। अंडरपास निर्माण के लिए सड़क का सरियों का जाल बिछाकर कार्य शुरू कर दिया है। लोकसभा चुनाव के बाद बरसात से पहले भैंसवाल बाईपास का कार्य पूरा हो जाने की उम्मीद है। रेलवे के मंडल सहायक अभियता वीरेंद्र सिंह औरसेक्शन इंजीनियर थान सिंह ने बताया कि भैंसवाल अंडरपास के लिए सीमेंट का जाल बिछाकर कंक्ररीट डालकर सीमेंट का लिंटर डाल दिया जाएगा।