
शामली. उत्तर प्रदेश के शामली में झिंझाना थानाक्षेत्र में पहुंची हरियाणा पुलिस के साथ मारपीट कर पिस्टल छीन ली गई। इसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव केरटू में हत्यारोपी को गिरफ्तार करने पहुंची हरियाणा पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीण द्वारा किए गए हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी की पिस्टल भी ग्रामीणों ने छीन ली।
स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि हरियाणा पुलिस अब स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गांव में दबिश दे रही है।
वहीं इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में ग्रामीण सादा कपड़े पहने हरियाणा पुलिस को गाड़ी से उतारकर मारपीट कर रहे हैं।
बताया गया कि हरियाणा पुलिस केरटू गांव में जबरदीन नाम के आरोपी को हत्या के मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी। सभी पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में थे। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की पिस्टल भी ग्रामीणों ने छीन ली। अब सीओ अमरदीप मौर्य के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस गांव में दबिश दे रही है।
धमाकेदार ख़बरें
