शामली. अपर दोआब शुगर मिल के बॉयलर में खराबी के चलते शहर की जनता को भीषण जाम से जूझना पड़ा। मिल की ओर जाने वाले रास्तों पर गन्ने से लदे वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसके चलते किसी कार्य से घरों से निकले लोग जाम में फंस गए। सोमवार देर शाम तक भी जाम की स्थिति बनी रही।
अपर दोआब शुगर मिल के बॉयलर में रविवार को कुछ खराबी आ गई थी। जिसे ठीक करने के बाद मिल धीमी गति से चल रही है। जिसके चलते एमएसके रोड, मेरठ-करनाल हाईवे, कोतवाली रोड, हनुमान रोड आदि रास्तों पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार लग गई। जिससे अन्य वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय स्कूल वाहन भी जाम में फंस गए। इसके अलावा ईद की खरीदारी करने को निकले लोगों के वाहन भी जाम में फंस गए। गर्मी में जाम में फंसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिसकर्मी भी जाम खुलवाने की नाकाम कोशिश करते दिखाई दिए। मिल के सहायक गन्ना प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि बॉयलर में खराबी आने के कारण गन्ना खरीद प्रभावित हुई। जिससे जाम की स्थिति बन गई। बॉयलर को ठीक करा दिया गया है। जिसके बाद गन्ना खरीद फिर से सुचारू हुई।