शामली। राज्य सभा चुनाव के मतदान के बाद भाजपा और रालोद की सयुंक्त बैठक आज को दिल्ली में होगी। दिल्ली बैठक में रालोद को लोकसभा, राज्य सभा सीटों और यूपी सरकार में मंत्रालय के बंटवारे के अंतिम निर्णय पर मुहर लग जाएगी। भाजपा जल्द ही लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा और बसपा प्रत्याशी पर सभी निगाहें लगी हुुई है।
लोकसभा 2024 के मद्देनजर सपा की ओर से कैराना लोकसभा सीट पर हसन परिवार की इकरा हसन को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा और बसपा प्रत्याशियों के नामों की सूची घाेषित नहीं होने से लोकसभा चुनाव की तस्वीर धुंधली है।मंगलवार को राज्यसभा मतदान के बाद आज भाजपा के साथ रालोद गठबंधन की बैठक दिल्ली में होनी है।
रालोद मुखिया जयंत चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में रालोद को बागपत-बिजनौर लोकसभा, एक राज्य सभा सीट और यूपी सरकार में मंत्रालय के बंटवारे का अंतिम निर्णय पर फैसला होगा। मार्च के प्रथम सप्ताह में भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है।
कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा में लोकसभा प्रत्याशियों की काफी लंबी सूची है। 2019 से कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा से प्रदीप चौधरी काबिज हैं। वह दूसरी बार कैराना से मजबूत दावेदारी कर रहे हैं। गुर्जर बाहुल्य सीट कैराना पर 2014 में भाजपा के हुकुम सिंह, 2018 के उपचुनाव में हसन परिवार से तबस्सुम हसन सांसद रह चुकी हैं।
भाजपा से इस बार हुकुम परिवार से उनकी बेटी मृंगाका सिंह, जसाला परिवार से भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के बेटे मनीष चौहान, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, रमेश गौड़ कश्यप अपनी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। बसपा हाईकमान ने भी अपने पत्ते नही खोले हैं। बसपा भी अपना समीकरण तलाश रही है।