शामली। कैराना के गांव मवी में महिला के घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का फांसी लगा शव मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। बाद में फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। महिला के अनुसार, युवक के साथ उसका अफेयर था और झगड़ा होने पर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि मृतक के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में जुटी है।
बुधवार को दोपहर बाद हरियाणा के जनपद जींद के पिल्लूखेड़ा के गांव कलावती निवासी सोमवीर हाल निवासी मवी ने यमुना पुल पुलिस चौकी पहुंच कर बताया कि उनके ही गांव के 30 वर्षीय सुशील उर्फ टीना ने उनके घर पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। वह ट्रक चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। एएसपी संतोष कुमार व कोतवाली प्रभारी विरेंद्र सिंह कसाना मौके पर पहुंचे। मृतक सुशील का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था और गले पर फांसी के निशान थे। पास ही फांसी लगाने का दुपट्टा भी पड़ा था। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया।
पुलिस के अनुसार, सोमवीर की पत्नी मनीषा ने बताया कि मृतक के साथ उसका अफेयर चल रहा था। मृतक उनके ही गांव का ट्रक चालक था और उनके घर आता रहता था। तीन दिन से सुशील उनके घर पर रुका हुआ था। आज उसका पति सनौली फैक्टरी में मजदूरी करने गया हुआ था। किसी बात को लेकर उसका सुशील से झगड़ा हो गया और सुशील ने दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगा ली। उधर,सूचना पर मृतक का मामा नंदराम शास्त्री व पिता करमवीर परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे और महिला व उसके पति पर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के मामा नंदराम शास्त्री ने बताया कि मृतक की शादी हो चुकी थी और उसके एक बेटी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।