शामली। रविवार को हरियाणा के पानीपत के शिव मंदिर के पास रहने वाला 22 वर्षीय तुषार पांचाल अपने पिता देवेन्द्र पांचाल व मां, भाई-बहनों के साथ यमुना नदी में हरियाणा की तरफ स्नान करने आया था। सुबह करीब 10 बजे तुषार यमुना नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया। परिजनों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। करीब साढ़े 4 घंटे की मशक्कत के बाद तुषार के शव को यमुना से बाहर निकाला। युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिया। यमुना पुल पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई आनन्द कुमार ने बताया कि तुषार स्नातक का छात्र था। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।