शामली। तकनीकी खराबी के चलते अपर दोआब चीनी मिल शामली का पेराई सत्र पिछड़ रहा है। पिछले दो दिनों से मशीन में खराबी आने से अपर दोआब शामली चीनी मिल बार-बार बंद हो रही है। जिस पर डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने नोटिस जारी करके मिल सुचारु रूप से चलने के संबंध में जानकारी मांगी है। डीएम जसजीत कौर को भी मामले की जानकारी दी है।
अपर दोआब चीनी मिल शामली में शनिवार को सफाई कार्य के चलते मिल बंद रही। रविवार को मिल को चालू किया गया तो तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद से मिल रुक-रुक कर चल रही है। 22 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई करके बुधवार को सुबह नौ बजे से मिल फिर बंद हो गई। मिल के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते मिल ठीक से चल नहीं पा रही है। डीसीओ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि चीनी मिल की तकनीकी खराबी जल्दी ठीक नहीं हुई तो गन्ना आयुक्त को इसकी जानकारी दी जाएगी।
दूसरी ओर, शामली गन्ना विकास परिषद के पूर्व चेयरमैन राजवीर सिंह ने बताया कि चीनी मिल का गन्ना पेराई सत्र पिछड़ रहा है। चीनी मिल का छठा सप्ताह खत्म होने के बाद सातवें सप्ताह में नए गन्ने का बांड चालू होता है। शामली चीनी मिल का तीसरा सप्ताह ही चालू हो पाया है। दूसरी मिलों में सातवें सप्ताह की पेराई चल रही है। इस हिसाब से शामली मिल के पेराई सत्र का आठवां सप्ताह मार्च माह में शुरू होगा।