शामली जनपद की कलेक्ट्रेट में सोमवार को किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। यहां पर उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही प्रदेश सरकार से मांग करते हुए उनके वादे याद दिलाएं। उन्होंने मांग की है कि किसानों को बिजली मुफ्त और जल्द से जल्द गन्ने का बकाया भुगतान होना चाहिए। इन मांगों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि आज शामली जनपद की कलेक्ट्रेट में किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक अपने कई पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। यहां पर उन्होंने धरना देते हुए हंगामा किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक का आरोप है कि प्रदेश सरकार वादाखिलाफी कर रही है। चुनाव के दौरान किए हुए वादे अभी तक उन्होंने पूरे नहीं किये।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिक ने मांग की है कि जल्द से जल्द किसानों को उनका गन्ने का बकाया भुगतान होना चाहिए। इसके बाद उन्हें कुछ समस्याओं से निजात मिल सके। उन्होंने मांग किया कि जल्दी किसानों को मुफ्त बिजली भी दिलवाई जानी चाहिए। वहीं, उनका कहना है कि आवारा घूम रहे जानवरों ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, जिनका मुआवजा कोई नहीं देता।